शनिवार, 21 नवंबर 2026

प्रभाती - हे दिनकर, दिनमान, दिवाकर

हे दिनकर, दिनमान, दिवाकर, 

दीप्तिकर, दिनपति, प्रभाकर,

भानु प्रखर, सविता, सुखदाता, 

अखिल विश्व के जीवनदाता,

काल-चक्र के परम नियंता, 

ऋतु-मंडल के भाग्य-प्रणेता,

नव-चेतन का दीप जलाकर, 

उदित रहो शुभ-प्रात सजाकर॥१


तिमिर-विदारक तेज-पुंज हे, 

नभ-मंडल के ज्योति-कुंज हे,

सप्त-तुरग-रथ गति नभ-धावन,

तीक्ष्ण-किरण आलोक सुहावन,

कर्म-साक्षी हे रवि पुरातन, 

पाप-रोग-तम-दोष विनाशन,

तेजोमय आलोक बढ़ाकर, 

उदित रहो जग-कर्म जगाकर॥२


द्युति-रथस्थ, सघन-तम-हारी, 

जगत-प्राण, हे मंगलकारी,

पूषा-त्वष्टा, उदय मनोहर, 

जगत जीव के प्राण-धरोहर,

उष्ण-रश्मि से जीवन पोषो,

अमृत रस से तन-मन सींचो।

उर-अंतर आलोक जगाकर, 

उदित रहो मन-पद्म खिलाकर॥३


प्रदक्षिणा-रत व्योम प्रमंडल,

प्राण-प्रदाता जग के प्रति-पल,

प्रचुर प्रकाश-अन्न-रस दाता,

प्रदीप्त जीवन-भाग्य-विधाता।

प्रचंड ऊर्जा-प्रवाह-धारी,

प्रधान प्रेरक, प्रफुल्ल-कारी,

प्रमुदित जग में प्रभा बहाकर,

उदित रहो गति-चक्र चलाकर॥४


सकल सृष्टि-स्रष्टा सुखदाता,

सौर-जगत-संजीवन-धाता,

सत्य-चिरंतर, सुख-संचारी,

सब संकट संताप निवारी,

समस्त-ग्रह-संचालन स्वामी,

सर्व-सत्त्व-सुख-मंगलधामी,

सौम्य सुहावन स्वर्ण सजाकर,

सदय रहो सब कष्ट मिटाकर॥५


दश-दिशि-दीपक, दृष्टि-विधाता,

दीन-दया-निधि, दिव्य-प्रदाता,

दिनकर, अविरत गगन-विहारी,

दीप्त-दिव्य-द्युति-दर्शन-धारी,

दिवा-प्रणेता, दुःख-विदारक,

समदर्शी, जग-दोष-निवारक,

दृग-दृग में सम ज्योति बसाकर,

दीप्त करो सब भेद मिटाकर॥६


भुवन-भास्कर, भव्य भयहारी,

भानु-प्रभा त्रिभुवन-उजियारी,

भव्य भाल पर भा दमकाते,

भुवन-प्राण बन भाग्य जगाते,

भर्ग-स्वरूप, भवोदधि-तारक,

भव-बंधन, भ्रम-भीति-विदारक,

अखिल भुवन संताप मिटाकर,

उदित रहो जग-प्राण जगाकर॥७ - प्रकाश 'पंकज'

फ़ेसबुक से फ़ीडबैक दें:

0 comments|टिप्पणियाँ:

आपके अवलोकन के लिए धन्यवाद करते हुए आपसे यह आग्रह करूँगा कि इसे पढ़ने के बाद आपके मन में जो भी विचार आये हों कृपया हमसे जरूर बाँटें ...